Sunday, January 1, 2023

नव वर्ष मंगलमय हो।

आओ हम अभिनंदन कर लें।

नए वर्ष का वंदन कर लें।।

नव प्रभात की स्वर्ण-रश्मियाँ,
मंगल कलश लिए आईं।
भरें नई स्फूर्ति प्राण में,
दिन बन जाएँ सुखदाई।।

थके-तपे जीवन को फिर से,
नए वर्ष में चंदन कर लें।

चुभे न कोई खार किसी के,
बिछें फूल ही जीवन-मग में।
पुलकित होंय हृदय जन-जन के,
प्रेम सुधा रस बरसे जग में।।

कटुता, हिंसा छोड़ सत्य से,
हम जीवन को कुंदन कर लें।

जीवन बगिया में खुशियों के,
नाचें मन के मोर सदा।
मानव-मानव में रिश्तों की,
होवे दृढ़ हर डोर सदा।।

ईश्वर सारे दुखियाओं का,
नए वर्ष में क्रंदन हर लें।

नूतन वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।